एएमयू में सचिव चुने जाने पर प्रबंधन ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
हमदान की उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और खुशी की बात-मोहम्मद नोमान, प्रबंधक
आजमगढ़। रानी की सराय क्षेत्र के कोटिला चेकपोस्ट स्थित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल में विद्यालय के पूर्व छात्र मोहम्मद हमदान के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में सचिव चुने जाने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। मोहम्मद हमदान ने कक्षा छह से 12वीं तक की शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की। उन्होंने जेईई मेन में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग में प्रवेश लिया। वर्तमान में वह विश्वविद्यालय में मानद सचिव के पद पर कार्यरत हैं। समारोह में विद्यालय प्रबंधक मोहम्मद नोमान ने कहा कि हमदान की उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। डॉ. शफीउज्जमां ने कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और निरंतर प्रयास सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से हमदान की उपलब्धि से प्रेरणा लेने की अपील की। मोहम्मद हमदान ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को देते हुए सभी के प्रति आभार जताया। उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर प्रधानाचार्या रूपल पांड्या, उपप्रधानाचार्या रूना खान सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाचार्या ने धन्यवाद ज्ञापित किया।














