आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा-सरायमीर मार्ग पर ईदगाह के पास रविवार देर रात डीसीएम की चपेट में आने से 62 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान फरिहा निवासी मातादीन यादव (62) पुत्र स्व. राम किशोर के रूप में हुई। बताया गया कि मातादीन यादव देर रात शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय सरायमीर की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।














