मुट्ठी में मिला बाल और घटनास्थल से बरामद धारदार हथियार बने जांच के अहम सुराग, फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की निगाहें
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव निवासी 30 वर्षीय शाहरुख खान हत्याकांड का एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं कर सकी है। हालांकि, मामले की जांच में पुलिस की सक्रियता बढ़ने और कुछ संदिग्धों से पूछताछ किए जाने की चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के मुताबिक, बेकरी मालिक अरशद और नदीम गनी समेत छह लोगों को कथित तौर पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस पिछले करीब एक सप्ताह से इन लोगों से अलग-अलग पहलुओं पर जानकारी जुटा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से न तो किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है और न ही हिरासत में लिए जाने की आधिकारिक जानकारी दी गई है।
गौरतलब है कि गौरी गांव निवासी मुस्तफा के पुत्र शाहरुख खान की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। शाहरुख बोलने में असमर्थ थे और पाव रोटी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बीते 27 तारीख की शाम वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अगले दिन 28 तारीख की सुबह गांव की नट बस्ती के पास बहा में उनका शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई थी।
हत्याकांड में बेकरी मालिक अरशद और नदीम गनी समेत छह लोगों से कथित पूछताछ की जानकारी सामने आने के बाद मामले में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस संदिग्धों से मृतक के साथ उनके संबंधों, आपसी विवाद और घटना के दिन की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता प्रमाणित नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस की जांच में घटनास्थल से मिले साक्ष्य बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। बताया जाता है कि शाहरुख के बाएं हाथ की बंद मुट्ठी में एक बाल फंसा मिला था। इसके अलावा घटनास्थल से एक धारदार हथियार और मृतक के गले में मिला दुपट्टा भी जांच के दायरे में है। इन साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस बाल और अन्य साक्ष्यों की जांच के जरिए घटना से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने में जुटी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट से हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में अहम मदद मिलने की उम्मीद है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और थाने का घेराव कर हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई थी। घटना के कई दिन गुजरने के बाद भी आधिकारिक खुलासा नहीं होने से परिजनों और ग्रामीणों में बेचैनी बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस की जांच संदिग्धों से पूछताछ और घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक साक्ष्यों के इर्द-गिर्द घूम रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मुट्ठी में मिला बाल, धारदार हथियार और कथित तौर पर पूछताछ के दायरे में आए छह लोगों से मिली जानकारी शाहरुख के हत्यारों तक पहुंचने में मददगार साबित होगी? सभी की निगाहें पुलिस के आधिकारिक खुलासे और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं।














