Home » देश » आजमगढ़ : संकरी गली में मकान में लगी आग, दमकलकर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत

आजमगढ़ : संकरी गली में मकान में लगी आग, दमकलकर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत

Share This Article

खत्री टोला में शॉर्ट सर्किट से पहली मंजिल के कमरे में लगी आग, दो दमकल गाड़ियों ने लंबी पाइप बिछाकर पाया काबू
आजमगढ़। शहर के चौक स्थित पुरानी सब्जी मंडी रोड के खत्री टोला मोहल्ले में सोमवार को दिन में एक पुराने मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घनी आबादी और संकरी गली में मकान होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन गली संकरी होने के कारण उन्हें मुख्य सड़क पर ही खड़ा करना पड़ा। इसके बाद लंबी पाइप बिछाकर मकान तक पानी पहुंचाया गया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड अधिकारी बनारसी दास ने बताया कि खत्री टोला की एबीसी गली में राकेश कुमार अग्रवाल का पुराना मकान है। इसमें बुजुर्ग महिला अंजू अग्रवाल और युवक आलोक रहते हैं। सोमवार को आलोक बलिया गया हुआ था, जबकि बुजुर्ग महिला मकान के निचले तल पर मौजूद थीं। आग पहली मंजिल पर स्थित एक कमरे में लगी थी। कमरे में कपड़े और अन्य सामान रखा हुआ था। उस समय बिजली का कनेक्शन चालू था। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी और जानकारी मिलने में देर होने के कारण धीरे-धीरे फैल गई।
आग का पता चलने पर बुजुर्ग महिला मकान से बाहर आईं और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। संकरी गली के कारण गाड़ियां मकान तक नहीं पहुंच सकीं, जिसके बाद मुख्य सड़क से पाइप बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से उसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। अधिकारी के अनुसार, घटना में कोई बड़ी क्षति नहीं हुई है। बनारसी दास ने बताया कि घनी आबादी और संकरी गलियों वाले मोहल्लों में आग लगने की घटनाएं बड़ा खतरा पैदा कर सकती हैं। ऐसे स्थानों पर दमकल की बड़ी गाड़ियों का पहुंचना मुश्किल होता है और पाइप के जरिए पानी पहुंचाने में भी समय लगता है। उन्होंने लोगों से घरों में अग्निशमन यंत्र रखने की अपील की। खासकर ऐसे भवनों में, जहां आवासीय उपयोग के साथ व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित होती हैं, वहां अग्निशमन उपकरणों के साथ पानी की पाइपलाइन की व्यवस्था रखने की सलाह दी।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This