कूटरचित दस्तावेजों के सहारे अस्तित्वहीन मदरसे के नाम पर सरकारी धन प्राप्त करने का था आरोप
आजमगढ़। फर्जी मदरसा संचालित कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर सरकारी अनुदान प्राप्त करने और सरकारी धनराशि के गबन का प्रयास करने के मामले में तहबरपुर पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उसके गांव स्थित घर के दरवाजे से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अंसार अहमद (58) पुत्र स्वर्गीय अजीज अहमद निवासी ग्राम नेवादा, थाना तहबरपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 10 फरवरी 2025 को प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि ग्राम नेवादा बीबीपुर में अस्तित्वहीन मदरसा इस्लामिया अंसारूल उलूम के नाम पर आपराधिक षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी की गई। इसके लिए कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें असली के रूप में इस्तेमाल करते हुए फर्जी तरीके से सरकारी धनराशि और अनुदान प्राप्त करने का प्रयास किया गया था। इस मामले में मु0अ0सं0 45/25 के तहत धोखाधड़ी, कूटरचना और जालसाजी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना थाना तहबरपुर स्थानांतरित होने के बाद उपनिरीक्षक दशरथ उपाध्याय द्वारा की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक दशरथ उपाध्याय पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्त की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अंसार अहमद अपने घर ग्राम नेवादा में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सुबह करीब 10:50 बजे उसके घर के दरवाजे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दशरथ उपाध्याय, कांस्टेबल किशन मिश्रा और कांस्टेबल बृजेश कुमार शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।














