यूपी के गोरखपुर जिले के कैंट क्षेत्र के पैडलेगंज स्थित बाढ़ खंड कार्यालय में बृहस्पतिवार दोपहर अधीशासी अभियंता विपिन सिंह के साथ मारपीट का मामला सामने आया। करीब 20 मिनट तक कार्यालय में हंगामा चलता रहा। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।अधीशासी अभियंता के मुताबिक, वह मुख्य अभियंता विकास सिंह के साथ कार्यालय के निरीक्षण पर पहुंचे थे। इसी दौरान कार्यालय का एक निलंबित क्लर्क अपने साथियों के साथ पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। मारपीट के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन काला हेलमेट पहने एक युवक ने अधीशासी अभियंता को कई थप्पड़ मार दिए। आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी भी देते हुए भाग गए। सीओ कैंट आभा सिंह ने बताया कि कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














