आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 70 वर्षीय वृद्धा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा नागा बाबा पोखरा के पास रोडवेज के निकट स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के विडहन गांव निवासी रंजना (70) मंगलवार को किसी काम से फूलपुर बाजार गई थीं। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह रोडवेज के पास स्थित मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग से रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गईं। ट्रेन की टक्कर इतनी गंभीर थी कि वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों के मुताबिक वृद्धा किसी काम से घर से निकली थीं। रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।














