फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भेड़िया बाजार में गुरुवार सुबह दुकान खोल रहे एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित अनूप मौर्य का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे दुकान से खींचकर पीटा और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई।
कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने दोनों पक्षों की बात सुनी। इसके बाद अनूप मौर्य पुत्र श्रीनिवास मौर्य की लिखित तहरीर पर गोलू मौर्य, शैलेश मौर्य पुत्र जयप्रकाश मौर्य समेत अन्य के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मिली जानकारी के अनुसार, भेड़िया गांव निवासी जयप्रकाश मौर्य ने अपनी सवा बिस्वा जमीन सरावां निवासी नरेंद्र मौर्य के नाम रजिस्ट्री की थी। रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेजों पर श्रीनिवास मौर्य ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किए थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर जयप्रकाश मौर्य के पुत्र नाराज चल रहे थे। जमीन वापस करने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद था। बताया जा रहा है कि तय समय पर जमीन वापस नहीं होने से नाराज जयप्रकाश मौर्य और उनके पुत्रों ने श्रीनिवास मौर्य को इसके लिए जिम्मेदार माना। इसी विवाद में गुरुवार सुबह उनके पुत्र अनूप मौर्य के साथ भेड़िया बाजार में मारपीट किए जाने का आरोप है। वहीं, ग्रामीणों के बीच जयप्रकाश मौर्य और उनके छोटे पुत्र के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमा दर्ज होने की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














