आजमगढ़। सड़क हादसे में असमय जान गंवाने वाले तीन किशोरों सत्यम मोदनवाल, आर्यन लक्की सोनकर और निखिल गुप्ता की आत्मा की शांति के लिए फूलपुर युवा मंच के नेतृत्व में कैंडल मार्च और मौन जुलूस निकाला गया। जुलूस की शुरुआत आचारी बाबा राम जानकी मंदिर परिसर से हुई। मौन जुलूस मां भवानी तिराहा, पुरानी सब्जी मंडी रोड, शनिचर बाजार, चूना चौक और भारत माता मंदिर होते हुए शंकर जी तिराहा पहुंचा। जुलूस में शामिल लोग हाथों में तीनों मृतक किशोरों की तस्वीरें और जलती हुई कैंडल लेकर चल रहे थे। शंकर जी तिराहा पहुंचने के बाद कैंडल मार्च श्रद्धांजलि सभा में परिवर्तित हो गया। यहां उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत किशोरों की आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। इस दौरान अभय सिंह लालू, अंगद सोनकर, आशीष सभासद, राजेश मोदनवाल चुटूर, रामाशीष चेयरमैन, इमरान, आबिद, दुर्गेश, हिमांशु, बृजेश, बच्चा सोनी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।














