Home » देश » #निलंबित महिला दरोगा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मेहनत और सम्मान तबाह कर दिया#

#निलंबित महिला दरोगा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मेहनत और सम्मान तबाह कर दिया#

Share This Article

वायरल रील और वर्दी से जुड़े मामले में यूट्यूब लाइव पर दी सफाई, कहा- प्रशासनिक जांच का सामना करने को तैयार

मेरठ। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक रील वायरल होने के बाद निलंबन की कार्रवाई का सामना कर रहीं महिला दरोगा अनु कॉलिस ने पहली बार यूट्यूब लाइव के जरिए अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले ने उनकी 25 साल की मेहनत और सम्मान को पूरी तरह तबाह कर दिया है। अनु ने बताया कि वह कई दिनों से खुद को कमरे में बंद किए हुए हैं और मानसिक रूप से बेहद तनाव में हैं। लाइव के दौरान उन्होंने आत्मघाती विचार आने की बात भी कही। अनु कॉलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई गई ड्रेस को लेकर भी अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि वह ड्रेस अपनी मां के साथ आगरा के एक मॉल से खरीदकर लाई थीं और इसे पहनना उनके लिए सामान्य बात है। उन्होंने सवाल किया कि जब उनके परिवार को इस ड्रेस से कोई परेशानी नहीं है तो किसी और को इससे आपत्ति क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक इंफ्लुएंसर ने उनकी अनुमति के बिना निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। अनु का दावा है कि संबंधित इंफ्लुएंसर ने अब वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा लिया है और उनके भाई को फोन कर माफी मांग रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उनके कंटेंट पर किसी को आपत्ति थी तो सीधे उनसे या पुलिस विभाग से शिकायत की जा सकती थी। अनु कॉलिस ने कहा कि वह किसी भी प्रशासनिक जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि वह फूड और फिटनेस से जुड़े वीडियो बनाती रही हैं। उनका कहना है कि उन पर अश्लील कंटेंट और वीडियो बनाने के आरोप लगाए गए हैं, लेकिन सवाल यह है कि उनके कंटेंट में अश्लील क्या था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो को अधिक व्यूज हासिल करने के उद्देश्य से वायरल किया गया। लाइव के दौरान उन्होंने उसी ड्रेस को पहनकर अपनी बात रखी, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर विवाद हुआ था। गौरतलब है कि 16 अगस्त को पुलिस आचरण नियमावली के उल्लंघन और कथित आपत्तिजनक वीडियो के मामले में तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय के आदेश पर अनु कॉलिस को निलंबित किया गया था। इससे पहले एक इंफ्लुएंसर ने उनके सोशल मीडिया वीडियो को आपत्तिजनक बताते हुए यूपी पुलिस के अधिकारियों को टैग कर वीडियो साझा किया था। वीडियो में वर्दी, क्यूआर कोड और कथित आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद मामला चर्चा में आया और पुलिस विभाग की ओर से जांच शुरू की गई। अब अनु कॉलिस ने अपनी ओर से पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि वह जांच के लिए तैयार हैं और चाहती हैं कि मामले की वास्तविकता जांच के बाद सामने आए।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This