अतरौलिया, अहरौला और रौनापार थाना क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाएं
आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया, अहरौला और रौनापार थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग हादसों में पांच साल के मासूम समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन वृद्धों की सड़क दुर्घटनाओं में जान चली गई, जबकि एक वृद्ध का शव तालाब में मिला और एक मासूम की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटनाओं की सूचना मिलने पर संबंधित थानों की पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। इन दर्दनाक घटनाओं से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के कोयलसा बाजार में शनिवार को भीलमपुर छापरा गांव निवासी 72 वर्षीय रंजना पत्नी अवधू राम सब्जी खरीदने जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रंजना को कोयलसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
इसी थाना क्षेत्र के बढ़या गांव निवासी 65 वर्षीय जोखू यादव शुक्रवार को अपनी बहन के घर अंबेडकर नगर के रफीगंज गए थे। शाम करीब सात बजे सड़क पार करते समय एक पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल जोखू को पहले अतरौलिया अस्पताल और फिर मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
वहीं, अहरौला थाना क्षेत्र के जमीन बेंदुई गांव निवासी 65 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक अवध बिहारी पांडेय 21 अक्टूबर को बाइक से अहरौला बाजार से घर लौट रहे थे। पकड़ी बाजार के पास सामने से आ रहे बुलेट सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार भोर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के भीलमपुर गांव निवासी 65 वर्षीय महाबल निषाद रविवार सुबह रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। टहलते हुए वह घर से करीब एक किलोमीटर दूर गोविंदपुर गांव तक पहुंच गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच सुबह करीब आठ बजे गोविंदपुर गांव के कुछ लोगों ने तालाब में एक शव उतराता हुआ देखा। पहचान होने पर पता चला कि शव महाबल निषाद का है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अतरौलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनकी अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रौनापार थाना क्षेत्र के अराजी नौबरार, करखियां किता फर्स्ट निबिहवा गांव में शनिवार को घर के बाहर खेल रहे पांच वर्षीय अंश पासवान की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। वह गांव निवासी प्रदीप पासवान का पुत्र था। जानकारी के अनुसार, अंश शनिवार दोपहर अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद दूसरे बच्चे अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन अंश घर नहीं पहुंचा। काफी देर तक उसके नहीं मिलने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान घर के पास स्थित पानी भरे गड्ढे में उसका शव उतराता मिला। मासूम का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर रौनापार पुलिस पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर हुई इन पांच मौतों से संबंधित गांवों में शोक का माहौल है। सड़क दुर्घटनाओं में तीन वृद्धों की जान चली गई, जबकि तालाब में वृद्ध का शव मिलने और मासूम के डूबने की घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। सभी परिवारों में मातम पसरा हुआ है।














