कई घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से निकाला गया शव
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के मनियारपुर गांव के समीप गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर सोमवार दोपहर दो तेज रफ्तार ट्रेलरों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे से आ रहे ट्रेलर का केबिन बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार खलासी अंदर ही फंस गया। कई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। देर शाम बचाव दल ने उसे मृत अवस्था में केबिन से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे गोरखपुर की तरफ जा रहे दो ट्रेलर अतरौलिया थाना क्षेत्र के मनियारपुर गांव के पास एक्सप्रेसवे पर पिलर संख्या 59.700 के समीप पहुंच रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर संख्या UP 21 DT 4474 ने आगे चल रहे ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पीछे वाले ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गया, जिसमें बैठा खलासी फंस गया। दुर्घटना के बाद दोनों ट्रेलरों के चालक मौके से फरार हो गए। वहीं, केबिन में व्यक्ति के फंसे होने की सूचना मिलते ही बचाव दल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे खलासी को बाहर निकालने के लिए कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सूचना मिलने पर अतरौलिया थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। काफी मशक्कत के बाद देर शाम खलासी को केबिन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। यूपीडा के गश्ती दल अधिकारी चंद्रभान सिंह ने मृतक की पहचान मोनू पठान (30) पुत्र अफजल निवासी तारिक नगर, थाना मझोला, जनपद मुरादाबाद के रूप में की। यूपीडा अधिकारी के अनुसार, दोनों ट्रेलर गोरखपुर की ओर जा रहे थे। पीछे से आ रहे ट्रेलर की टक्कर के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें खलासी की जान चली गई। हादसे के बाद से दोनों ट्रेलरों के चालक फरार बताए जा रहे हैं।














