सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था का लिया जायजा
श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील
आजमगढ़। छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आजमगढ़ पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना कोतवाली एवं सिधारी क्षेत्रांतर्गत स्थित छठ घाटों और पूजा स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने घाटों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए उपलब्ध बचाव उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और घाटों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/ग्रामीण पंकज श्रीवास्तव तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर सहित सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल के छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद भी किया। उन्होंने लोगों से गहरे पानी में जाने से बचने, बच्चों पर विशेष नजर रखने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की। आजमगढ़ पुलिस की ओर से छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए घाटों पर निरंतर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।














