आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की शाम श्रीनगर (सियरहां) स्थित सपना मैरिज हॉल परिसर में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व कार्यकर्ताओं का एक विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रदेश मंत्री सहजानंद राय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं, सुझावों तथा संगठन से जुड़े अनुभवों को गंभीरता से सुना। उन्होंने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को स्पष्ट करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि सर्वसमाज की पार्टी है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है और गुंडाराज तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है। आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने पूर्व कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और आगामी चुनाव में पूरी ताकत के साथ भाजपा की जीत सुनिश्चित करने में जुट जाएं। जनपद की अधिक से अधिक विधानसभा सीटों पर भाजपा की विजय के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
सहजानंद राय ने कार्यकर्ताओं के आपसी जुड़ाव और संगठनात्मक एकता को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं का अनुभव और समर्पण संगठन की अमूल्य पूंजी है। सभी को मिलकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के लिए चाय-नाश्ते के साथ सामूहिक भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। सभी कार्यकर्ताओं ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में एक साथ भोजन किया।
इस आयोजन में बिलरियागंज मंडल अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राय का विशेष योगदान एवं सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से माला द्विवेदी, रमाकांत मिश्रा, केशव तिवारी, अरविंद सिंह, सुधीर राय, राजेश सिंह, डॉक्टर ए के राय, डॉक्टर त्यागी, डॉक्टर जेएन सिंह, डॉ श्याम नारायण सिंह, लालचंद यादव, प्रवीण सिंह,अनिरुद्ध सिंह, राकेश सिंह,संतोष राय, सूरज श्रीवास्तव, सूर्य प्रकाश मिश्रा, श्रवण यादव, अभिषेक राय सहित जनपद के अनेक पूर्व भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन ने पुराने कार्यकर्ताओं को एक मंच पर जोड़ने और संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया














