जवाहर भवन में आयोजित ऑल इंडिया नेहरू मेमोरियल यूथ फेस्टिवल में 183 प्रतिभागियों के बीच अपनी शोध प्रस्तुति से बनाई पहचान, दो विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हासिल किया सम्मान
आजमगढ़। जिले के सगड़ी तहसील क्षेत्र के छोटे से गांव मैगापुर की बेटी अंजलि यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए आजमगढ़ का नाम रोशन किया है। दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित ऑल इंडिया नेहरू मेमोरियल यूथ फेस्टिवल प्रतियोगिता-2026 में अंजलि ने अपनी प्रभावशाली शोध प्रस्तुति के दम पर बेस्ट पेपर अवार्ड हासिल किया। उन्हें सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र के साथ कई महत्वपूर्ण पुस्तकें भी प्रदान की गईं। राजीव गांधी स्टडी सर्किल और जवाहर भवन के संयुक्त तत्वावधान में 14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में नेहरू के विचार, बौद्धिकता, विरासत और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन जैसे विषयों पर प्रतिभागियों से शोध पत्र आमंत्रित किए गए थे। इस श्रेणी में देशभर के 183 प्रतिभागियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। अंजलि यादव ने अपने तार्किक, तथ्यपरक और प्रभावशाली शोध पत्र से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति का पुरस्कार हासिल किया। प्रतियोगिता के दूसरे विषय ‘फ्रॉम कांस्टीट्यूशनल प्रॉमिसेज टू वूमेन लिगेसी-नेहरूज विजन एंड ऑनगोइंग क्वेस्ट फॉर जेंडर इक्वालिटी इन इंडिया’ पर भी अंजलि ने अपने विचारों और ऐतिहासिक तथ्यों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। इस विषय में भी उनके प्रदर्शन को विशेष सराहना मिली। दोनों विषयों के विजेताओं का चयन तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया। कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, मुकुल वासनिक और पवन बंसल सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। एडवोकेट बैजू टी.एच.आई.टी.एच.एल.ए. कैंब्रिज भी कार्यक्रम में शामिल हुए, जो कैंब्रिज में सॉलिसिटर हैं और वहां पहले अश्वेत मेयर चुने गए थे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से अंजलि को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अंजलि की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वह इससे पहले उत्तर प्रदेश विधानसभा में अपने भाषण से प्रभावित कर चुकी हैं। इसके अलावा कोयंबटूर में आयोजित अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में अंग्रेजी में प्रभावशाली भाषण देकर सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर पुरस्कार हासिल किया था। दिल्ली विश्वविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई शुरू करने के महज डेढ़ महीने के भीतर प्रथम वर्ष की सेंट्रल काउंसलर का चुनाव जीतकर भी उन्होंने अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। अंजलि यादव आजमगढ़ जिले की सगड़ी तहसील के मुबारकपुर थाना क्षेत्र स्थित मैगापुर गांव निवासी उषा यादव और नरेंद्र यादव की दो बेटियों में बड़ी हैं। वह वरिष्ठ राजनीतिज्ञ एवं राष्ट्रीय सामाजिक न्याय आंदोलन के जिलाध्यक्ष रामकुमार यादव की पौत्री हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा क्वालिटी पब्लिक स्कूल खालिसपुर से प्राप्त की। इसके बाद शिब्ली नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट और शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं। अंजलि की सफलता से जिले में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर आजमगढ़ की समृद्ध बौद्धिक और साहित्यिक परंपरा को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है। महापंडित राहुल सांकृत्यायन, अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’, अल्लामा शिब्ली नोमानी, कैफी आजमी और चन्द्रजीत यादव जैसी महान विभूतियों की धरती आजमगढ़ की इस बेटी ने अपनी उपलब्धि से जिले का गौरव बढ़ाया है।














