फूलपुर (आजमगढ़)। धान की कटाई के बाद अब किसान गेहूं की बुवाई में जुट गए हैं। खेतों में बची नमी का लाभ उठाने के लिए किसान तेजी से खेतों की जुताई, मिट्टी की तैयारी और बुवाई का काम कर रहे हैं। गांवों के सिवान में कहीं ट्रैक्टर से जुताई हो रही है तो कहीं रोटावेटर से खेत तैयार किए जा रहे हैं। खेतों में ट्रैक्टरों की गूंज से कृषि कार्यों में तेजी आ गई है। हालांकि, गेहूं की बुवाई के इस महत्वपूर्ण समय में किसानों को डीएपी खाद की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि सरकारी गोदामों और साधन सहकारी समितियों पर डीएपी उपलब्ध नहीं है। सरकारी दर पर 1350 रुपये में मिलने वाली डीएपी बाजार में 1700 से 1800 रुपये तक खरीदनी पड़ रही है। समय से बुवाई पूरी करने के लिए किसान मजबूरी में महंगे दामों पर खाद खरीद रहे हैं। किसान मनीष पाल, मोहम्मद अनवर, अंजर, दशरथ पाल, ध्रुव यादव, राम आसरे यादव और राम सिंगार यादव का कहना है कि यदि डीएपी के इंतजार में गेहूं की बुवाई पिछड़ गई तो खेतों में मौजूद नमी समाप्त हो जाएगी। ऐसी स्थिति में दोबारा सिंचाई कर बुवाई करनी पड़ेगी, जिससे खेती की लागत बढ़ जाएगी। समय से बुवाई होने पर अच्छी पैदावार की उम्मीद रहती है। इसी कारण किसान महंगी खाद खरीदकर भी बुवाई करने को विवश हैं। किसानों ने कृषि विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बुवाई के महत्वपूर्ण समय पर खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता नहीं हो पाती। वहीं बाजार में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद-बीज बेचने वालों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उधर, नाम न छापने की शर्त पर एक उर्वरक विक्रेता ने बताया कि उन्हें मुख्य डीलरों से ही महंगे दाम पर खाद मिलती है। ऐसे में वे भी कुछ अतिरिक्त रकम लेकर खाद बेचते हैं। उनका कहना है कि खाद की खरीद और भुगतान की वास्तविक कीमत में अंतर रहता है। नियमों और लाइसेंस नवीनीकरण की कार्रवाई के दबाव में छोटे विक्रेताओं को भी परेशानी होती है। किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग से मांग की है कि गेहूं की बुवाई के दौरान सरकारी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने वालों के खिलाफ जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।














