देर रात हुआ हादसा, भूसा लदा मैजिक पंचर होने पर सड़क किनारे बदल रहे थे स्टेपनी; गांव में मातम
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के मोहन नगर के पास मंगलवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। भूसा लदा मैजिक वाहन पंचर होने पर सड़क किनारे उसका टायर बदल रहे दोनों युवकों को पीछे से आई तेज रफ्तार वरुणा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, भगतपुर गांव निवासी नीतीश कुमार (18) पुत्र शिव सहाय और सनी कुमार (17) पुत्र शिवनाथ मैजिक वाहन पर भूसा लादकर आजमगढ़ की ओर जा रहे थे। मंगलवार की रात करीब 1:47 बजे मोहन नगर के पास अचानक मैजिक का टायर पंचर हो गया। दोनों युवकों ने वाहन सड़क किनारे खड़ा किया और स्टेपनी बदलने लगे। इसी दौरान फैजाबाद की तरफ से आ रही तेज रफ्तार वरुणा कार अनियंत्रित होकर मैजिक वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को रानीपुर अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में कार चालक अमर विश्वकर्मा पुत्र रामआदेश और कार में सवार दो छोटे बच्चे सुरक्षित बच गए। दो युवकों की असमय मौत से भगतपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। नीतीश चार बहनों और एक बड़े भाई में था। बेटे की मौत से मां अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सनी एक भाई और एक छोटी बहन में था। उसकी मां सुमन बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गईं। थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।














