Home » देश » आजमगढ़ : शिब्ली नेशनल कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया शिब्ली डे, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

आजमगढ़ : शिब्ली नेशनल कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया शिब्ली डे, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

Share This Article

कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के पांच सूत्र, 29 विद्यार्थियों ने NET-JRF और 13 ने हासिल किए गोल्ड मेडल
आजमगढ़। शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़ में बुधवार को महान शिक्षाविद्, इतिहासकार एवं विचारक अल्लामा शिब्ली नोमानी की स्मृति में शिब्ली डे समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार रहे, जबकि अध्यक्षता द आजमगढ़ मुस्लिम एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. शौकत अली ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अबूसाद अहमद शम्सी और सचिव अनवर अहमद भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ एनसीसी एएनओ डॉ. आसिम खान के नेतृत्व में मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ हुआ। इसके बाद कारी मोहम्मद आसिफ ने तिलावत-ए-कलाम पाक प्रस्तुत किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अफसर अली ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। डॉ. शौकत अली ने कुलपति को शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर फहमीदा जैदी ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए शिब्ली डे के ऐतिहासिक एवं शैक्षिक महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर मोहम्मद खालिद एवं बीएड विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर सीमा सादिक ने किया।
समारोह में महाविद्यालय के शिक्षकों ने अल्लामा शिब्ली नोमानी के जीवन, विचारों, शैक्षिक योगदान और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। सैन्य विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मोनिस अब्बास, अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर सरफराज नवाज और उर्दू विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर मोहम्मद ताहिर ने अपने विचार रखे।
प्रोफेसर मोहम्मद ताहिर ने कहा कि अल्लामा शिब्ली नोमानी ने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों और दुखों का सामना किया, लेकिन समाज सुधार, लेखन और शिक्षा के अपने मिशन से कभी पीछे नहीं हटे। वहीं, प्रबंध समिति के सचिव अनवर अहमद ने कहा कि शिब्ली साहब के विचारों का सार एक पंक्ति में व्यक्त किया जाए तो वह है- सभी को साथ लेकर चलना।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सफलता के पांच महत्वपूर्ण सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सबसे पहले अपने जीवन का लक्ष्य स्पष्ट करना चाहिए। इसके साथ ही मोबाइल के उपयोग में समय प्रबंधन, आत्मविश्वास, निरंतर अभ्यास और शिक्षकों के प्रति सम्मान को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन पांच बातों को अनुशासन के साथ अपनाने वाले विद्यार्थियों के लिए सफलता का मार्ग आसान हो जाता है।
शिब्ली पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को समारोह में सम्मानित किया गया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। विपक्ष में बीएड की छात्रा अफीफा समरीन तथा पक्ष में बीएससी की छात्रा इरम जहीर ने विचार रखे। एमएससी की छात्रा नायफा फखर ने विपक्ष और बीएससी की छात्रा मारिया बानो ने पक्ष में अपनी बात रखी।
बीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा अफीफा आरिफ ने ‘अल्लामा शिब्ली एक शिक्षाविद् के रूप में’ विषय पर निबंध प्रस्तुत किया, जबकि छात्रा फलक बानो ने नज्म सुनाई। रंगोली प्रतियोगिता में उम्मे हबीबा एवं उनके समूह ने द्वितीय तथा निखत एवं उनके समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग में रुश्दा बानो प्रथम, प्रतीक्षा शर्मा द्वितीय तथा महविश खान एवं इफ्फत सानिया तृतीय स्थान पर रहीं। कैलीग्राफी में हाजरा खान प्रथम, अर्शी बानो द्वितीय और वसुंधरा स्थाना तृतीय रहीं। निबंध लेखन में अफीफा आरिफ प्रथम और सानिया इरशाद द्वितीय रहीं। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में वकार अहमद प्रथम, शालू यादव द्वितीय और इंशा फातिमा तृतीय स्थान पर रहीं। वाद-विवाद में अफीफा समरीन ने प्रथम तथा नायफा फखर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
बैतबाजी प्रतियोगिता में अलीना जहरा एवं सायका की टीम प्रथम, आकाश यादव एवं मोहम्मद मजहर की टीम द्वितीय और आलिया बानो एवं सूफिया खातून की टीम तृतीय रही। जौक-ए-अदब प्रतियोगिता में फलक बानो प्रथम, मोहम्मद वामिश द्वितीय तथा अरीबा उस्मानी तृतीय स्थान पर रहे। रील प्रतियोगिता में इंशा अशरफ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक में शुभम उपाध्याय एवं उनकी टीम प्रथम, आबिद अली एवं उनकी टीम द्वितीय तथा मोहम्मद यासिम एवं उनकी टीम तृतीय स्थान पर रही।
समारोह का प्रमुख आकर्षण महाविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान रहा। महाविद्यालय के 29 विद्यार्थियों ने NET एवं JRF की परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिन्हें समारोह में सम्मानित किया गया। इसके अलावा इस वर्ष 13 विद्यार्थियों ने गोल्ड मेडल हासिल किए, उन्हें भी सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। अतिथियों ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर मोहम्मद ताहिर एवं प्रोफेसर मोहम्मद खालिद की पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। विशेष रूप से प्रोफेसर मोहम्मद खालिद की पुस्तक “Revisiting Allama Shibli Nomani’s Educational Vision: Contemporary Relevance and Institutional Challenges” का विमोचन किया गया। अंग्रेजी एवं उर्दू भाषाओं में प्रकाशित इस पुस्तक में अल्लामा शिब्ली नोमानी के शैक्षिक दृष्टिकोण, उसकी वर्तमान प्रासंगिकता और संस्थागत चुनौतियों पर विस्तार से विचार किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. शौकत अली ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन अल्लामा शिब्ली नोमानी के विचारों और उनकी शैक्षिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। अंत में प्राचार्य प्रोफेसर अफसर अली ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य अतिथि कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। विद्यार्थियों की मांग पर उन्होंने अगले दिन सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की। समारोह के समापन पर महाविद्यालय की तराना टीम ने कॉलेज का तराना प्रस्तुत किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और सामूहिक फोटोग्राफ के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया गया।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This