फूलपुर (आजमगढ़)। तहसील क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे नाली और नाबदान से जुड़े विवादों को समाप्त कराने के लिए तहसील प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। उपजिलाधिकारी फूलपुर के निर्देश पर विभिन्न गांवों में आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से विवादों का निस्तारण कराया जा रहा है। इसी क्रम में सरदरपुर, बरौली, रीवा सुल्तानपुर एवं भेड़िया के सीमा क्षेत्र में स्थित नाली को लेकर चल रहे पुराने विवाद का समाधान करा दिया गया।
बताया जाता है कि संबंधित गांवों के सीमा क्षेत्र में नाली को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था। इससे स्थानीय स्तर पर असहमति की स्थिति बनी हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसील प्रशासन ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाया और उनकी समस्याओं एवं दलीलों को सुना। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आपसी बातचीत और सामंजस्य के आधार पर विवाद का निस्तारण कराया गया।
इस दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को आपसी सहयोग और सहमति से समस्या का समाधान करने के लिए प्रेरित किया। अंततः दोनों पक्षों ने सहमति जताते हुए विवाद समाप्त करने पर अपनी रजामंदी दी।
विवाद का समाधान होने के बाद ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन की पहल की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी आपसी सौहार्द, भाईचारा और सहयोग बनाए रखने का भरोसा दिलाया। तहसील प्रशासन की इस पहल से न केवल वर्षों से चला आ रहा विवाद समाप्त हुआ, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे विवादों को बातचीत और आपसी सहमति से सुलझाने का सकारात्मक संदेश भी गया।














