पशुचर भूमि से अवैध कब्जा हटाने गई थीं लेखपाल, आरोपी ने धमकी भी दी
आजमगढ़। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम कोठरा में पशुचर भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने और लेखपाल से अभद्रता करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, लेखपाल कोमल कुमारी, लेखपाल हल्का उकरौड़ा, 31 जुलाई 2026 को पूर्व में प्राप्त शिकायत के संबंध में ग्राम कोठरा में स्थलीय निरीक्षण एवं न्यायालय द्वारा पारित बेदखली आदेश के अनुपालन में अवैध कब्जाधारकों को नोटिस देने पहुंची थीं। आरोप है कि इस दौरान साधना पत्नी आशीष, आशीष कुमार, मनीराम पुत्र राजपति तथा एक अन्य व्यक्ति ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने सरकारी अभिलेख फाड़ने का प्रयास किया, सरकारी कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार एवं अपशब्दों का प्रयोग किया तथा धमकी दी कि “जो करना है कर लो, हम तुम्हारे खिलाफ धरना देंगे, कुछ नहीं होगा।” घटना के कारण लेखपाल को बिना कार्रवाई पूरी किए मौके से वापस लौटना पड़ा। लेखपाल की तहरीर पर उपजिलाधिकारी सदर के निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।














