गंगा नदी के कटान की समस्या से परेशान शिवपुर दीयर नंबरी बयासी गांव के ग्रामीणों का गत रविवार शाम को आक्रोश फूट पड़ा। कटान रोकने और स्थायी समाधान की मांग को लेकर धरने पर बैठे ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे सदर विधायक एवं प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने मंत्री की गाड़ी रोककर नारेबाजी की और लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान मुर्दाबाद के नारे लगाए।
सदर तहसील के दक्षिणी छोर पर गंगा नदी के पार स्थित शिवपुर दीयर नंबरी बयासी गांव लंबे समय से कटान की मार झेल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी की धारा लगातार जमीन को निगल रही है, जिससे गांव के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। करीब 40 हजार की आबादी वाले इस क्षेत्र के लोगों में कटान को लेकर काफी आक्रोश है।
ग्रामीण पंचदेव मंदिर और मठिया के पास धरना दे रहे थे। उनका आरोप है कि कटान रोकने और गांव की सुरक्षा के लिए वे कई बार जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। समस्या का समाधान नहीं होने से मजबूर होकर उन्हें धरना प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ा। रविवार शाम करीब चार बजे परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह धरना स्थल पर पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया। लेकिन ग्रामीण मौखिक आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार आश्वासन मिल चुका है, अब उन्हें लिखित रूप से कार्रवाई का भरोसा चाहिए। लिखित आश्वासन नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने मंत्री की गाड़ी रोक दी और नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने भी विरोध जताते हुए कहा कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि कटान रोकने के लिए धरातल पर काम चाहिए। कुछ देर तक मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि गंगा कटान रोकने के लिए तत्काल ठोस योजना बनाई जाए और प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के स्थायी इंतजाम किए जाएं। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते, उनका आंदोलन जारी रहेगा।














