सीमावर्ती नवलपरासी जिला में प्रतिबंधित ड्रग्स के साथ दो भारतीय नागरिक सहित तीन व्यक्तियों को नेपाल पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। जिला पुलिस कार्यालय नवलपरासी के सूचना अधिकारी मदन थापा ने बताया कि नवलपरासी जिला पुलिस को गुप्त रूप से सूचना प्राप्त हुआ था कि नेपाल में पूर्ण रूप से प्रतिबंधित ड्रग्स को तस्कर भारतीय सीमा क्षेत्र से नेपाल में लाने के फिराक में है।
सूचना प्राप्त होते ही जिला पुलिस के द्वारा एक टीम गठित कर पालही नंदन गांव पालिका के वार्ड नंबर पांच में भारतीय सीमा क्षेत्र की तरफ से आनेवाली रास्ते पर सवारी जांच के लिए लगाया गया। इसी दौरान भारतीय सीमा क्षेत्र की तरफ से आ रही बाइक यूपी 56 एक्स 1210 को रोककर जांच किया गया।
प्रतिबंधित ड्रग्स डायजेपाम बरामद
तलाशी के दौरान बाइक पर सवार उत्तरप्रदेश के महराजगंज जिला अंतर्गत बरगदवा थाना के पिपरा निवासी 33 वर्षीय आलम तथा एक नाबालिग के पास से थैला में रखा गया प्रतिबंधित ड्रग्स डायजेपाम 198 एम्पुल, फर्नागन 177 एम्पुल तथा बुप्रेनोफ्रीन 199 एम्पुल बरामद किया गया। वहीं एक दूसरी घटना में जिला पुलिस ने राम ग्राम नगरपालिका के वार्ड नंबर एक से वार्ड नंबर 10 नदवा निवासी 30 वर्षीय सूरज मल्ल को चार पुड़िया (दो ग्राम 580 मिलीग्राम) ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है। दोनों घटना में पकड़े गए ड्रग्स को जब्त कर पकड़े गए तीनों व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।














