Home » देश » #जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय खुटहां पटखौली एवं तरकुलवा का किया औचक निरीक्षण#

#जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय खुटहां पटखौली एवं तरकुलवा का किया औचक निरीक्षण#

Share This Article

देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज विकासखंड तरकुलवा अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय खुटहां पटखौली एवं  तरकुलवा का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं के साथ-साथ  शिक्षण कार्य की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। वे बच्चों के बीच एक निरीक्षणकर्ता के साथ-साथ शिक्षक की भूमिका में भी नजर आए।
जिलाधिकारी ने बच्चों के बीच चॉक लेकर श्यामपट्ट पर पाठ पढ़ाया तथा विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके सीखने और समझने के स्तर की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं एवं शिक्षण व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। बच्चों ने जिलाधिकारी द्वारा पूछे गए प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए।
निरीक्षण के दौरान निपुण एवं संदर्शिका का अंकन उपलब्ध नहीं मिला और शिक्षण कार्य भी अपेक्षित रूप से संचालित होता हुआ नहीं पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षकों को कड़े निर्देश दिए कि शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निपुण एवं संदर्शिका में निर्धारित बिंदुओं के अनुरूप नियमित रूप से शिक्षण कार्य कराया जाए तथा उपलब्ध शिक्षण सामग्री का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे समय से विद्यालय में उपस्थित हों तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण  शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें। उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पठन-पाठन की गुणवत्ता तथा बच्चों के लिए आवश्यक सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। शिक्षक बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को समझते हुए उनके सीखने के स्तर में निरंतर सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करें।
इस दौरान जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी, तरकुलवा को विद्यालयों का नियमित एवं प्रभावी अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षण कार्य एवं अन्य व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This