Home » देश » #आजमगढ़ शिब्ली नेशनल कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस#

#आजमगढ़ शिब्ली नेशनल कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस#

Share This Article

15 अगस्त 2026 को शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़ में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में प्रातः 8:00 बजे ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, प्रशासनिक अधिकारी एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्राचार्य प्रो. अफसर अली को गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के साथ हुई। एनसीसी एएनओ/सीटीओ डॉ. आसिम खान के नेतृत्व में कैडेट्स ने अनुशासित एवं गरिमापूर्ण ढंग से गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया।

इसके पश्चात महाविद्यालय की छात्राओं की टीम द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रगान के उपरांत सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया।

कार्यक्रम के अगले चरण में महाविद्यालय के अध्यापक प्रो. अल्ताफ अहमद ने उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग की निदेशक प्रो. मोनिका सिंह का स्वतंत्रता दिवस संदेश पढ़कर सुनाया। अपने संदेश में उन्होंने सभी शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों एवं प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति केवल सरकारी योजनाओं और कागजी कार्यवाही से संभव नहीं है, बल्कि इसकी सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी शिक्षकों के हाथों में है। शिक्षक युवा पीढ़ी को ज्ञान, मूल्य, जिम्मेदारी और राष्ट्रनिर्माण की भावना से जोड़कर विकसित भारत की नींव को मजबूत कर सकते हैं।

इसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपस्थित सभी शिक्षकगण, कर्मचारीगण, छात्र-छात्राओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पत्रकार बंधुओं को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।

प्राचार्य ने स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में शिक्षकों एवं शिक्षण संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम, नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और संवैधानिक चेतना का विकास करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन अवसर पर महाविद्यालय परिसर में बनाए गए ‘तिरंगा सेल्फी पॉइंट’ पर शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लीं और उन्हें शासन की संबंधित वेबसाइट पर अपलोड किया। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं और स्वतंत्रता दिवस की खुशी साझा की गई।

उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां महाविद्यालय में पिछले कई दिनों से चल रही थीं। इस क्रम में विशाल हर घर तिरंगा यात्रा, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर संगोष्ठी, हर घर तिरंगा अभियान सहित विभिन्न देशभक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस प्रकार शिब्ली नेशनल कॉलेज में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और विकसित भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता की भावना को और मजबूत किया।

संवाददाता अमित खरवार

News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This