Home » देश » #आजमगढ़ : नकली आयुर्वेदिक दवाओं के नेटवर्क का खुलासा, भारी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री बरामद#

#आजमगढ़ : नकली आयुर्वेदिक दवाओं के नेटवर्क का खुलासा, भारी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री बरामद#

Share This Article

छापेमारी में हजारों स्टीकर-होलोग्राम, बिना लेबल की टैबलेट व पैकिंग मशीन मिली; चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आजमगढ़। जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र और अंबेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर नकली आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाओं की पैकेजिंग, भंडारण और कथित आपूर्ति के मामले का पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने खुलासा किया है। टीम ने अंबेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित गोपरीचांदपुर गांव में एक मकान पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में दवाओं के स्टीकर, होलोग्राम, खाली डिब्बियां, पैकेजिंग सामग्री, बिना लेबल की टैबलेट और पैकेजिंग मशीन बरामद की है। मामले में जैतपुर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, योगीराज आयुर्वेदिक दवा कंपनी की ओर से अंबेडकरनगर की जिलाधिकारी ईशा प्रिया के समक्ष नकली और डुप्लीकेट दवाओं के निर्माण, पैकिंग, भंडारण और आपूर्ति की शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद आठ सितंबर को एसडीएम जलालपुर मधुमिता सिंह, जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव, जैतपुर थाना प्रभारी प्रेमचंद तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गोपरीचांदपुर निवासी शिवम पांडेय के मकान पर छापा मारा। जांच के दौरान मौके से न्यू आर्थो पावर के 27,918 स्टीकर, योगीराज के 58,672 एमआरपी स्टीकर, पैकेजिंग पॉलीथीन, योगीराज गाउट वटी के स्टीकर व होलोग्राम, बड़ी संख्या में बिना लेबल की टैबलेट, प्लास्टिक की डिब्बियां और ढक्कन बरामद होने की बात कही गई है। इसके अलावा श्री श्याम आयुर्वेद भवन गोरखपुर समेत अन्य कंपनियों की दवाएं और पैकेजिंग सामग्री भी टीम को मिली। मौके से हीट श्रिंक मशीन भी बरामद की गई। एफआईआर के मुताबिक, पूछताछ में शिवम पांडेय ने कथित तौर पर बताया कि बरामद सामग्री आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के चौबौलिया निवासी शिव चतुर्वेदी और उत्तम चतुर्वेदी तथा महराजगंज थाना क्षेत्र के ऊसुर कुढवा निवासी हरिलाल पांडेय द्वारा मकान पर भंडारण, बिक्री और पैकेजिंग के लिए भेजी जाती थी। आरोप है कि योगीराज आयुर्वेदिक के फर्जी लोगो और होलोग्राम लगाकर तैयार की गई दवाओं की आपूर्ति आजमगढ़, अंबेडकरनगर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में की जाती थी। पुलिस ने बरामद सामग्री के परिवहन और दवा प्रचार में इस्तेमाल किए जाने वाले ऑटो ई-रिक्शा संख्या यूपी 45 बीटी 3519 को भी जांच में शामिल किया है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रणजीत कुमार की तहरीर पर जैतपुर पुलिस ने शिवम पांडेय पुत्र स्व. रमाशंकर पांडेय निवासी गोपरीचांदपुर, जैतपुर, अंबेडकरनगर, शिव चतुर्वेदी और उत्तम चतुर्वेदी निवासी चौबौलिया, अहरौला, आजमगढ़ तथा हरिलाल पांडेय निवासी ऊसुर कुढवा, महराजगंज, आजमगढ़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जैतपुर थाना प्रभारी प्रेमचंद ने बताया कि क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर बरामद सामग्री की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की भूमिका के साथ कथित नकली दवाओं की आपूर्ति और पूरे नेटवर्क के संबंध में भी जांच कर रही है।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This