पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव निवासी एक शिक्षिका अपने तीन बच्चों समेत संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना के बाद से परिजन परेशान हैं। पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शिवराजपुर निवासी साधना पत्नी अमरजीत क्षेत्र के गौरी गांव स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्य करती थीं। उनके तीन बच्चे अनन्या, अमन और आरुषि भी इसी विद्यालय में पढ़ते थे। बताया गया कि 9 सितंबर, बुधवार को दोपहर के समय साधना विद्यालय से अपने तीनों बच्चों को लेकर निकली थीं। इसके बाद वह बच्चों समेत कहां गईं, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं हो सकी। काफी तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो परिजनों ने मामले की सूचना गंभीरपुर पुलिस को दी। घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित विद्यालय से शिक्षिका का तीनों बच्चों के साथ अचानक लापता होना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। पुलिस ने पति की तहरीर के आधार पर गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस महिला और उसके तीनों बच्चों की तलाश के साथ ही घटना के कारणों की जांच में जुटी है।














