मई माह में पति को छोड़कर चली गई थी मुंबई, पुलिस ने शव को लिया कब्जे में
आजमगढ़। जनपद के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के चिल्लूपुर गांव में शनिवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची मेहनाजपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार चिल्लूपुर निवासी बबिता की शादी करीब छह वर्ष पूर्व आनंद राजभर के साथ हुई थी। दोनों का पांच वर्षीय पुत्र यश है। बताया जा रहा है कि इस बीच बबिता अपने देवर राजन राजभर के संपर्क में आ गई थी। परिजनों के अनुसार मई माह में बबिता राजन के साथ घर छोड़कर मुंबई चली गई थी। जुलाई में दोनों वापस चिल्लूपुर लौटे थे। ग्रामीणों के अनुसार, परिजनों की सहमति के बाद बबिता और राजन की शादी लालगंज तहसील में नोटरी बयान-हलफी के माध्यम से सात अगस्त 2026 को कराई गई थी। इसके बाद शनिवार को बबिता का शव घर में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मेहनाजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बबिता का मायका गाजीपुर जिले के मौधा में बताया गया है।














