जमीन के नाम पर रुपये लेने, मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
आजमगढ़। जमीन खरीदने के नाम पर प्रापर्टी डीलर पिता-पुत्र पर 5.30 लाख रुपये लेने के बावजूद जमीन उपलब्ध नहीं कराने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली निवासी बिरेन्द्र कुमार चौहान ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। बिरेन्द्र कुमार चौहान के अनुसार, जमीन खरीदने के लिए उसने कोतवाली क्षेत्र के कुर्मीटोला निवासी दिनेशचंद गुप्ता पुत्र पद्माकर गुप्ता और उनके बेटे यश गुप्ता उर्फ अंकित गुप्ता से संपर्क किया था। आरोप है कि दोनों लखनऊ और आजमगढ़ में प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं और जमीन की प्लाटिंग कर बिक्री करते हैं। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2019 में अलग-अलग तारीखों पर आरटीजीएस के माध्यम से दिनेशचंद गुप्ता के खाते में कुल 4.50 लाख रुपये भेजे। इसके बाद दिनेशचंद के कहने पर 20 अगस्त 2019 को 80 हजार रुपये आनंद कुमार के खाते में आरटीजीएस से भेजे गए। इस तरह कुल 5.30 लाख रुपये दिए जाने का दावा किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बाद दोनों लगातार जमीन दिलाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जमीन नहीं दी गई। इसके बाद उसने जमीन देने या रकम वापस करने की मांग की। आरोप है कि इस पर दोनों नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए रुपये लौटाने तथा जमीन देने से इनकार कर दिया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपितों ने उसे बार-बार रुपये मांगने या इधर-उधर करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।














