Home » देश » #आजमगढ़ : सरकारी योजनाओं का झांसा देकर महिलाओं से आभूषण ठगने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार#

#आजमगढ़ : सरकारी योजनाओं का झांसा देकर महिलाओं से आभूषण ठगने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार#

Share This Article

दाहिने पैर में लगी गोली, तमंचा, कारतूस, ठगी के आभूषण और बाइक बरामद

आजमगढ़ व गाजीपुर में पहले से दर्ज हैं नौ मुकदमे
आजमगढ़। सरकारी योजनाओं और आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से आभूषण व नकदी ठगने के मामले में कप्तानगंज पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, ठगी के आभूषण, 1,350 रुपये नकद, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर निवासी साहब राम (43) पुत्र स्व. मुसाफिर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, कप्तानगंज बाजार में एक अक्टूबर और कौड़िया बाजार में पांच अक्टूबर 2026 को महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके आभूषण व नकदी ठगने की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में थाना कप्तानगंज में मुकदमा संख्या 310/2026 और 311/2026 दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। विवेचना के दौरान सामने आई महिला आरोपी नीरज उर्फ गुड्डी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 और 12 अक्टूबर की मध्यरात्रि प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ पासीपुर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ठगी की घटनाओं में शामिल साहब राम मोटरसाइकिल से गोपालगंज की ओर से आने वाला है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल से आ रहे संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया तो उसने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद रात करीब 1:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को सीएचसी कोयलसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपनी बहन नीरज उर्फ गुड्डी के साथ मिलकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देता था। कभी बाजार में महिलाओं को अपने जाल में फंसाया जाता था तो कभी उनके घर जाकर रिश्तेदार होने का दावा कर विश्वास हासिल किया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि कप्तानगंज और कौड़िया बाजार की घटनाओं में मिले कुछ आभूषण उसने एक अज्ञात फेरीवाले को सात हजार रुपये में बेच दिए थे। उसके पास से बरामद 1,350 रुपये को उसने आभूषणों की बिक्री से मिली रकम बताया। बरामद एक जोड़ी पीली धातु के कान के टॉप्स और मोती की माला सहित लॉकेट को भी पुलिस ने ठगी की घटनाओं से संबंधित बताया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपराध के दौरान तमंचा रखने और विरोध होने पर लोगों को धमकाने की बात भी बताई है।
पुलिस के अनुसार, साहब राम के विरुद्ध आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद में पहले से कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें देवगांव, कोतवाली, मेहनाजपुर और रानी की सराय थानों के विभिन्न मामले तथा गाजीपुर के खानपुर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमा शामिल है। मुठभेड़ और अवैध असलहे की बरामदगी के संबंध में थाना कप्तानगंज में मुकदमा संख्या 312/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 352, 351(3) तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/27 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This