घर से बुलाकर वारदात को दिया अंजाम, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गठित कीं दो टीमें
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के ककरहटा गांव में मंगलवार की रात मेले में हुए विवाद के बाद एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के बाद युवक को फोन कर घर से बाहर बुलाया गया और फिर उस पर फायरिंग कर दी गई। गोली युवक के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्रदेव यादव पुत्र विश्वनाथ यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका बेटा निखिल यादव मंगलवार की रात पास में आयोजित मेले में गया था। वहां मानचोभा निवासी सौरभ यादव और मोजरापुरा निवासी अजीत यादव से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई, जिसके बाद निखिल अपने घर लौट आया। तहरीर के मुताबिक, कुछ देर बाद सौरभ यादव ने मोबाइल फोन से निखिल से संपर्क किया और उसे घर से बाहर बुलाया। दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद जब निखिल वहां से जाने लगा, तभी सौरभ पर उसे गोली मारने का आरोप है। गोली निखिल के दाहिने पैर में लगी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मामले में सीओ सिटी शुभम तोड़ी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है।














