Home » देश » #पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सिपाही को लगीं तीन गोलियां#

#पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सिपाही को लगीं तीन गोलियां#

Share This Article

असलहा तस्करों की तलाश में दबिश देने पहुंची थी क्राइम टीम

जवाबी मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल और कारतूस बरामद, दूसरे की तलाश जारी
वाराणसी। कमिश्नरेट के भेलूपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम असलहा तस्करों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। सुंदरपुर स्थित शराब ठेके के सामने आशुतोष नगर कॉलोनी में दबिश देने पहुंची लंका थाने की क्राइम टीम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान लंका थाने में तैनात कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। उनके पेट, पीठ और बाएं हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
 
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में घेराबंदी शुरू कर दी। देर रात करीब 10:30 बजे के बाद लंका पुलिस और क्राइम टीम ने लौटूबीर पुलिया के पास मुठभेड़ में एक आरोपी राज विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को भी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
 
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए हैं। वह लंका थाना क्षेत्र के रमना गढ़वा घाट का निवासी बताया गया है। वहीं, फरार दूसरे आरोपी की पहचान अंजनी के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
 
बताया जा रहा है कि असलहा तस्करी की सूचना पर लंका थाने की क्राइम टीम के चार पुलिसकर्मी शुक्रवार रात करीब नौ बजे सुंदरपुर शराब ठेके के सामने आशुतोष नगर कॉलोनी स्थित एक मकान में दबिश देने पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों ने मकान से दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। इसी दौरान वहां मौजूद तीसरे युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। सिपाही अमित शुक्ला ने हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने उन पर लगातार गोलियां चला दीं। तीन गोलियां लगने से अमित शुक्ला मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। फायरिंग के बीच आरोपी पुलिसकर्मियों के चंगुल से निकलकर फरार हो गए। घायल सिपाही को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपियों की लोकेशन लंका थाना क्षेत्र के हाईवे की ओर मिली। पुलिस ने लौटूबीर पुलिया के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में राज विश्वकर्मा गोली लगने से घायल होकर पकड़ा गया, जबकि उसका साथी अंजनी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायल सिपाही के उपचार की जानकारी लेने के साथ ही मातहत अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This