मंदिर के विकास के लिए 1.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव, मंत्री ने बताया आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक
सूरज प्रकाश श्रीवास्तव के प्रयासों की अतिथियों ने की सराहना, सर्वसमाज की सहभागिता से दिया गया एकता और भाईचारे का संदेश
आजमगढ़। भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज का पावन पूजनोत्सव जनपद में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भाजपा प्रदेश समन्वयक संकुल प्रकोष्ठ ओमप्रकाश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय और विधान परिषद सदस्य रामसूरत राजभर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन और व्यवस्थाओं में भाजपा प्रदेश संयोजक खेल-कूद प्रकोष्ठ एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष (लालगंज, आजमगढ़) सूरज प्रकाश श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। पूजनोत्सव के दौरान वक्ताओं ने भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे समस्त जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले तथा न्याय और धर्म के अधिष्ठाता देवता हैं। उनकी आराधना व्यक्ति को सत्य, सदाचार, न्याय और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम के दौरान सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि उनके प्रयासों से भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के मंदिर के विकास के लिए धर्मार्थ कार्य विभाग के माध्यम से 1 करोड़ 50 लाख रुपये का प्रस्ताव किया गया है। प्रस्तावित धनराशि से मंदिर परिसर का विकास, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार और धार्मिक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज समस्त जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। इसी व्यापक भावना के अनुरूप पूजनोत्सव में सर्वसमाज के लोगों को आमंत्रित किया गया। मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थल नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं का केंद्र है। इसके विकास से आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज का पूजनोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कार, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज सत्य, न्याय, विवेक और कर्म की पवित्रता का संदेश देते हैं, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। भाजपा प्रदेश समन्वयक प्रकोष्ठ एवं विभाग ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने मंदिर के विकास के लिए सूरज प्रकाश श्रीवास्तव की पहल की सराहना की। भाजपा प्रदेश मंत्री सहजानंद राय ने पूजनोत्सव को सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए लोगों से सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कार्यक्रम के मंच से समाज के सभी वर्गों से आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ सामाजिक उत्थान और जनकल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में श्री चित्रगुप्त वंशीय जनपद सभा के संरक्षक अशोक अस्थाना, अध्यक्ष अरुण प्रकाश श्रीवास्तव, मंत्री विवेक श्रीवास्तव, पूजन समिति अध्यक्ष सुनील कुमार श्रीवास्तव, राजनारायण लाल, संतोष श्रीवास्तव, मनोज अस्थाना, प्रहलाद श्रीवास्तव, अनूप श्रीवास्तव सभासद, विशाल श्रीवास्तव, भाजयुमो जिला मंत्री अमन श्रीवास्तव, सौरभ श्रीवास्तव, बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट रजनीश श्रीवास्तव, मयंक श्रीवास्तव, हर्ष श्रीवास्तव, पल्लव श्रीवास्तव, अमन वर्मा और आकाश वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।














