Home » देश » #चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी ने मिलाया हाथ, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का गठन#

#चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी ने मिलाया हाथ, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का गठन#

Share This Article

चंद्रशेखर आजाद होंगे मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार, यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में एक नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान हुआ है। सांसद चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हाथ मिलाते हुए ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन की घोषणा की है। गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है। दोनों नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन को नया राजनीतिक विकल्प बताते हुए कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मोर्चा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इसमें दो दल शामिल हैं, लेकिन जैसे-जैसे कमजोर, पीड़ित और वंचित वर्ग के लोग इससे जुड़ेंगे, इसकी ताकत बढ़ती जाएगी। चंद्रशेखर आजाद ने 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में बड़ी रैली आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने इसे सत्ता परिवर्तन रैली का नाम देते हुए कहा कि अब बहुजन समाज को अपने अधिकारों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय खुद अपनी राजनीतिक ताकत खड़ी करनी होगी। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय से बहुजन समाज के हितों की बात तो की गई, लेकिन जमीन पर अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ। सरकारें और मुख्यमंत्री बदलते रहे, मगर बेरोजगारी, शोषण और सामाजिक भेदभाव जैसी समस्याएं बनी रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि आवाज उठाने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाते हैं और उन्हें दमन का सामना करना पड़ता है। चंद्रशेखर ने प्रदेश सरकार पर कानून-व्यवस्था और दलितों-वंचितों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने हाथरस सहित कई घटनाओं का जिक्र करते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय और सहायता देने के सरकारी दावों पर सवाल खड़े किए। प्रयागराज, गोरखपुर, कासगंज और संतकबीरनगर में झोपड़ियां जलाए जाने तथा काकोरी की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने सामाजिक न्याय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति का प्रमाण किसी को देने की जरूरत नहीं है। देश से प्रेम करने वाले नागरिक सरकार से सवाल भी पूछेंगे। मस्जिदों पर बुलडोजर कार्रवाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के मामले में अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हो रहे कई एनकाउंटर फर्जी हैं और संविधान तथा आरक्षण के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी सहित अन्य दलों के लिए भी गठबंधन के दरवाजे खुले रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि जो भी दल भाजपा को सत्ता में आने से रोकना चाहता है, वह सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के साथ आ सकता है। वहीं, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन को भाजपा के खिलाफ मजबूत राजनीतिक विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। गठबंधन की लड़ाई बेरोजगारों, किसानों और सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के मुद्दों पर होगी। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश में सामाजिक बदलाव लाना और भविष्य की राजनीति करना है। ओवैसी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों का बड़ा समर्थन मिलने के बावजूद सपा भाजपा को सत्ता से बाहर करने में सफल नहीं हो पा रही है। उन्होंने दावा किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत विकल्प बनकर उभरेगा। दोनों नेताओं के इस ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश की आगामी विधानसभा चुनावी राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना बढ़ गई है। अब निगाहें 26 नवंबर को होने वाली रैली और इस गठबंधन में शामिल होने वाले संभावित नए दलों पर टिकी हैं।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This