लोन दिलाने का झांसा देकर हासिल किए आधार-पैन और बैंक दस्तावेज
बिना माल की आपूर्ति किए 6.93 करोड़ रुपये का दिखाया कारोबार; राज्य कर विभाग की जांच में हुआ खुलासा
आजमगढ़। ई-रिक्शा चालक को लोन दिलाने का झांसा देकर उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी फर्म बनाने और करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी करने का मामला सामने आया है। मुबारकपुर थाना पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक के नाम पर फर्जी तरीके से राहुल इंटरप्राइजेज नामक फर्म का पंजीकरण कराकर बिना किसी वास्तविक माल की आपूर्ति के 6.93 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार दर्शाया गया। इससे सरकारी राजस्व को करीब 1.24 करोड़ रुपये की क्षति पहुंचाई गई। राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा की जांच में फर्म के फर्जी होने का खुलासा हुआ। इसके बाद कार्यालय उपायुक्त (विशेष अनुसंधान शाखा), राज्य कर, आजमगढ़ संभाग के प्रधान सहायक रवि कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। विभाग की ओर से 15 अक्टूबर को मुबारकपुर थाने में शिकायत दी गई थी। जांच के अनुसार, बनकट गांव निवासी राहुल गोंड के नाम पर 23 अप्रैल 2026 को राहुल इंटरप्राइजेज का जीएसटी पंजीकरण कराया गया था। सात अक्टूबर को राज्य कर विभाग की टीम ने फर्म के घोषित व्यापारिक स्थल का सर्वेक्षण किया तो वहां किसी प्रकार का कारोबार संचालित होता नहीं मिला। मौके पर मौजूद राहुल की बहन रीना गोंड ने अधिकारियों को बताया कि राहुल ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पूछताछ में राहुल ने भी फर्म के पंजीकरण और कारोबार की जानकारी होने से इनकार किया। राहुल के मुताबिक, फरवरी 2026 में लोन दिलाने के नाम पर उनके दोस्त सागर के माध्यम से जौनपुर निवासी आनंद उर्फ अविनाश तिवारी को आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक उपलब्ध कराई गई थी। इस दौरान मोबाइल पर आए ओटीपी भी उनसे साझा करा लिए गए थे। आरोप है कि इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनके नाम पर फर्जी फर्म का पंजीकरण कराया गया। विभागीय पूछताछ में आनंद उर्फ अविनाश तिवारी ने बताया कि राहुल के दस्तावेज सीए सचिन पांडेय और सीए वैभव तिवारी को दिए गए थे। वहीं, फर्म का जीएसटी रिटर्न दाखिल करने वाले सीए दीपक कुमार ने अधिकारियों को बताया कि वह सचिन पांडेय के कहने पर रिटर्न फाइल करते थे। जांच के दौरान फर्म के पंजीकरण के लिए अपलोड किया गया किरायानामा भी कूटरचित पाया गया। इस मामले में राहुल गोंड निवासी बनकट, सागर निवासी छतवारा, आनंद उर्फ अविनाश तिवारी निवासी खलीलपुर, जौनपुर, सीए दीपक कुमार, सीए सचिन पांडेय और वैभव तिवारी को आरोपी बनाया गया है। अन्य तीन आरोपियों के पते की जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। मुबारकपुर थाना प्रभारी शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि राज्य कर विभाग की तहरीर के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फर्म के पंजीकरण, कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल और कथित जीएसटी चोरी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।














