Home » देश » आजमगढ़ में गोवंश चोरी कर अवैध कटान करने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, चार गिरफ्तार

आजमगढ़ में गोवंश चोरी कर अवैध कटान करने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, चार गिरफ्तार

Share This Article

भोर में हुई मुठभेड़, गोली लगने से सालिम घायल; दो गाय और एक बछड़ा सकुशल बरामद, अवैध असलहा, अर्टिगा कार, बाइक और कटान के उपकरण जब्त

आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित पशुओं की चोरी कर उनका अवैध कटान करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार की भोर ग्राम जोलहापुर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस ने घायल समेत कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से दो गाय और एक बछड़े को सकुशल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जीयनपुर पुलिस शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे अपराध नियंत्रण और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जोलहापुर गांव के पास कुछ लोग प्रतिबंधित पशुओं को चोरी से पकड़कर उनका वध करने और मांस की बिक्री व परिवहन की तैयारी में हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बावजूद आरोपियों ने दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में सालिम के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने घायल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सालिम पुत्र इसरार (24), नौशाद पुत्र खुर्शीद (53), सोहराब पुत्र ईसराइल (22) और अदनान पुत्र खालिद (18), सभी निवासी जीयनपुर थाना क्षेत्र, के रूप में हुई है। घायल सालिम को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा अर्टिगा कार, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, चापड़, चाकू, लकड़ी के ठीहे, तराजू और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से वध के लिए ले जाए जा रहे दो प्रतिबंधित पशु और एक बछड़ा जीवित अवस्था में बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आवारा प्रतिबंधित पशुओं को चिन्हित कर चोरी से पकड़ते थे और सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनका अवैध कटान करते थे। इसके बाद मांस की बिक्री या उपभोग किया जाता था। पुलिस से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदलते थे और पशुओं के अवशेषों को नदी-नालों या खेतों में फेंक देते थे अथवा जमीन में गाड़ देते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त नौशाद का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जीयनपुर और गंभीरपुर थानों में चोरी, मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य भी संकलित किए।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह समेत जीयनपुर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This