Home » देश » #आजमगढ़ : सेंट्रल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, रोमांचक एडवेंचर कैंप का आयोजन#

#आजमगढ़ : सेंट्रल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, रोमांचक एडवेंचर कैंप का आयोजन#

Share This Article

23 प्रकार की साहसिक गतिविधियों में बच्चों ने दिखाया उत्साह, खेलों के जरिए सीखा आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का पाठ

आजमगढ़। जाफरपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विविध कार्यक्रमों के साथ रोमांचक एडवेंचर कैंप (साहसिक शिविर) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू (चाचा नेहरू) की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने चाचा नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। बच्चों को देश के प्रति उनके योगदान और बाल अधिकारों के महत्व से भी अवगत कराया गया। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में एडवेंचर कैंप का आयोजन हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में साहस, आत्मविश्वास, टीम वर्क और शारीरिक दक्षता का विकास करना था। कैंप में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और विभिन्न साहसिक गतिविधियों का आनंद उठाया। शिविर के दौरान बच्चों के लिए विशेष रूप से 23 प्रकार की रोमांचक खेल एवं साहसिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें डबल रोप ब्रिज, लेजर बीम, बर्मा ब्रिज, जिप लाइन, कमांडो नेट, स्पाइडर वेब, जार्खिन और बॉडी जार्ब, हॉर्सशू, बॉल कलेक्शन, लैडर क्लाइंबिंग, कमांडो क्रॉल, रिंग ऑफ वार, टार्जन स्विंग, ट्रैम्पोलिन, सॉफ्ट आर्चरी, डार्ट बोर्ड, बॉल क्लाइंबिंग, हुला पास, इन्फिनिटी बॉल, हिप्पी हॉप और गोरिल्ला ट्रांसफर जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। इन खेलों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा और साहस का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक अयाज अहमद खान ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल दिवस हमारे देश के भविष्य यानी बच्चों को समर्पित है। चाचा नेहरू बच्चों से अत्यधिक प्रेम करते थे। किताबी ज्ञान के साथ-साथ साहसिक खेल और गतिविधियां बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। ऐसे कैंप बच्चों को साहसी और आत्मनिर्भर बनाते हैं।
विद्यालय के प्रबंधक नवाज अहमद खान ने कहा कि सेंट्रल पब्लिक स्कूल हमेशा से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। चाचा नेहरू के बताए मार्ग पर चलते हुए एडवेंचर कैंप के माध्यम से बच्चों ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि अनुशासन और टीम भावना का पाठ भी सीखा।
वहीं, प्रधानाचार्या रेखा सिंह ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों का यह उत्साह अद्भुत है। पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि देने के साथ इस तरह के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयां प्रदान करते हैं। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक और साहसिक आयोजनों को निरंतर जारी रखेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों ने रोमांचक गतिविधियों का भरपूर आनंद उठाया तथा विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और उल्लास से सराबोर रहा।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This