आजमगढ़। जनपद के पवई थाना क्षेत्र के बलईपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव से करीब 500 मीटर दूर चकरोड पर 48 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक के सिर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या और हादसा, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। मृतक की पहचान बलईपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार गौड़ (48), पुत्र बलराम गौड़ के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि 14-15 अगस्त की रात किसी समय प्रमोद की मौत हुई होगी। शनिवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं शौच के लिए निकलीं तो बलईपुर से सलारपुर जाने वाले चकरोड पर शव पड़ा देखा। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान प्रमोद के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के भाई अनूप कुमार गौड़ ने पवई थाने में तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई। सूचना पर थानाध्यक्ष मनीष पाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। एसओजी टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के एंगल को भी खंगाल रही है। हालांकि अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मृतक के शराब पीने की बात को भी जांच का हिस्सा बनाकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सिर की चोट किसी हमले के कारण लगी या गिरने से आई। सीओ फूलपुर किरन पाल सिंह ने बताया कि मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का स्पष्ट कारण सामने आएगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। बताया गया कि मृतक की पत्नी की वर्ष 2003 में ही मौत हो चुकी थी। उसके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।














