आजमगढ़। सगड़ी तहसील के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर करीब 300 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने टावर से कूदने की धमकी दी तो मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11 बजे युवक टावर पर चढ़ा दिखाई दिया। कुछ ही देर में इसकी जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की हरकत देखकर लोगों में दहशत फैल गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जीयनपुर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक को नीचे उतारने के लिए जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य और सूझबूझ से उससे बातचीत शुरू की। काफी देर तक समझाने-बुझाने और भरोसा दिलाने के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। पुलिस टीम ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। युवक अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा था। वह अपनी मांग पूरी कराने की जिद पर अड़ा हुआ था।
पुलिस के अनुसार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उससे पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। युवक के टावर पर चढ़ने और कूदने की धमकी देने की जानकारी फैलते ही आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक लोगों के बीच घटना चर्चा का विषय बनी रही।














