Home » देश » #प्रोफेसर की घिनौनी करतूत, घर बुलाकर बीटेक छात्रा से किया दुष्कर्म#

#प्रोफेसर की घिनौनी करतूत, घर बुलाकर बीटेक छात्रा से किया दुष्कर्म#

Share This Article

छात्रों ने प्रदर्शन कर की कड़ी कार्रवाई की मांग, बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू

प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) की बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में कंप्यूटर साइंस विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर सौगतो राय को शिवकुटी पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। आरोप है कि प्रोफेसर ने छात्रा को पढ़ाई में मदद करने के बहाने अपने आवास पर बुलाया और फेल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस छात्रा के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस के अनुसार, ओडिशा निवासी छात्रा कुछ समय पहले अपने माता-पिता और बहन के साथ प्रयागराज आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एमएनएनआईटी के कंप्यूटर साइंस विभाग में तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर सौगतो राय से हुई। छात्रा की मां ने पढ़ाई में सहायता के लिए प्रोफेसर से आग्रह किया था। इसके बाद परिवार उनके आवास पर डिनर के लिए भी गया था। आरोप है कि इसके बाद प्रोफेसर छात्रा को अपने आवास पर पढ़ाने के लिए बुलाने लगा। छह अगस्त को छात्रा के माता-पिता के वापस जाने के बाद आरोपी ने स्नैपचैट के जरिए उससे बातचीत शुरू की और आपत्तिजनक बातें करने लगा। छात्रा के मुताबिक, नौ अगस्त की दोपहर करीब एक बजे प्रोफेसर ने उसे पढ़ाई के लिए अपने कमरे में बुलाया। वहां उसने छात्रा के दोनों हाथ पकड़ लिए और फेल करने की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया। शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी सौगतो राय कोलकाता का निवासी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामला सामने आने के बाद एमएनएनआईटी प्रशासन ने आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर को निलंबित कर दिया है। संस्थान की आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट पर विचार के लिए बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) की आपात बैठक भी हुई। बैठक में आरोपित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया। संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ. अंबक राय ने बताया कि आरोपी शिक्षक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच के बाद उसे निलंबित किया गया है और नियमानुसार बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। छात्रा को संस्थान की ओर से आवश्यक सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद मंगलवार को एमएनएनआईटी परिसर में छात्रों का आक्रोश भी देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एथलेटिक्स ग्राउंड पर एकत्र हुए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने शिक्षकों के आवास, छात्रावास और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की। उनका कहना था कि शैक्षणिक संस्थान में छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासनिक भवन के बाहर प्रदर्शन कर निदेशक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और छात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This