Home » देश » #आजमगढ़ : भाजपा मण्डल अध्यक्ष ने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पर लगाया गंभीर आरोप#

#आजमगढ़ : भाजपा मण्डल अध्यक्ष ने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पर लगाया गंभीर आरोप#

Share This Article

आजमगढ़। माहुल नगर पंचायत में नाला निर्माण को लेकर भाजपा के दो नेताओं के बीच विवाद सामने आया है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के माहुल मंडल अध्यक्ष सलमान कुरैशी ने अपनी ही पार्टी के युवा मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रानू राजभर पर पैसे के लेनदेन का आरोप लगाते हुए कई वीडियो प्रसारित किए हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। मामला माहुल नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ अब्दुल कलाम नगर स्थित कुरैशी मोहल्ले का है। यहां रास्ते के बीच की नाली को चौड़ा कर जलनिकासी की व्यवस्था के लिए नगर पंचायत द्वारा मंगलवार को खोदाई का कार्य शुरू कराया गया। खोदाई शुरू होते ही सलमान कुरैशी ने समर्थकों के साथ इसका विरोध किया। इसके बाद उन्होंने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि रानू राजभर ने विपक्षी पक्ष से पैसे लेकर आम रास्ते के बीच नाला बनवाने का काम कराया है। सलमान कुरैशी ने वीडियो में खुद को वर्ष 2013 से भाजपा का कार्यकर्ता बताते हुए रानू राजभर पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर को बदनाम करने तथा उनके नाम पर कथित रूप से दलाली करने का आरोप भी लगाया। हालांकि, उसी दिन करीब दो घंटे बाद सलमान कुरैशी का एक अन्य वीडियो सामने आया, जिसमें वह माफी मांगते हुए दिखाई दिए। बुधवार देर शाम सलमान कुरैशी का एक और वीडियो प्रसारित हुआ। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार रात करीब 30 की संख्या में रानू राजभर द्वारा भेजे गए असलहाधारी लोग उनके घर पहुंचे और उन्हें असलहा सटाकर रानू राजभर से माफी मांगने के लिए दबाव बनाया। सलमान का आरोप है कि माफी नहीं मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि असलहाधारी लोगों ने उनका वीडियो बनवाकर प्रसारित कराया तथा बुधवार को उन्हें कथित तौर पर घर में बंद रखा गया और इसी दौरान नाले की खोदाई कराई गई। वीडियो सामने आने के बाद रानू राजभर ने सलमान कुरैशी और माहुल नगर पंचायत के नामित सभासद सुजीत जायसवाल ‘आंसू’ के खिलाफ अहरौला पुलिस को शिकायती पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। रानू राजभर ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं और उनकी बढ़ती लोकप्रियता कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रही है। इसी कारण उनके खिलाफ अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सलमान कुरैशी किसी के कहने पर ऐसा कर रहे हैं और जल्द ही मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी। मामले में दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This