गाजियाबाद, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों में बदले अधिकारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 38 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों, नगर आयुक्तों, विशेष सचिवों और विकास प्राधिकरणों में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण जिलों के डीएम और प्रमुख विकास प्राधिकरणों के अधिकारी शामिल हैं। सबसे अहम बदलाव लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में हुआ है। अनुज सिंह को एलडीए का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अब तक इस पद पर तैनात प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, सीतापुर के डीएम राजागणपति आर को सूडा का निदेशक नियुक्त किया गया है। नगर निगमों में भी बड़ा फेरबदल किया गया है। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी वाराणसी के नए नगर आयुक्त होंगे। विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारियों के स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। महाराजगंज के डीएम गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर तथा सिद्धार्थनगर के डीएम शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज का जिलाधिकारी बनाया गया है। मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। बिजनौर के डीएम उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव रहे जोगिंदर सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी बनाया गया है। फतेहपुर के मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। उनकी जगह पूनम निगम को फतेहपुर का सीडीओ नियुक्त किया गया है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी व्यापक स्तर पर फेरबदल किया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा को यमुना प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। अयोध्या के सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह को भी यमुना प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। अयोध्या में उनकी जगह राजेश कुमार को मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। मेरठ की मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। अलीगढ़ के सीडीओ योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद भेजा गया है, जबकि फिरोजाबाद के सीडीओ शोहन वैश्य को यमुना प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। यमुना प्राधिकरण से संजय कुमार मीणा, कृष्ण कुमार सिंह और शत्रोहन वैश्य तथा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से प्रवीण वर्मा और नूपुर गोयल समेत कई अधिकारियों की तैनाती और स्थानांतरण किए गए हैं। नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी का भी तबादला किया गया है। बरेली की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा प्राधिकरण का नया एसीईओ बनाया गया है। यमुना प्राधिकरण से शैलेन्द्र कुमार सिंह को अलीगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक बनाया गया है। शिशिर कुमार सिंह को श्रावस्ती का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है। डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा बरेली मंडल के अपर आयुक्त मनोज कुमार को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। अतुल कुमार को बरेली मंडल का अपर आयुक्त, मंजूलता को मुरादाबाद नगर निगम का अपर नगर आयुक्त तथा प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। प्रदेश सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को विभिन्न जिलों और विकास प्राधिकरणों में प्रशासनिक कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














