Home » देश » आज़मगढ़ : शिब्ली नोमानी की विरासत को आगे बढ़ाने वाली चार हस्तियों को मिला सम्मान

आज़मगढ़ : शिब्ली नोमानी की विरासत को आगे बढ़ाने वाली चार हस्तियों को मिला सम्मान

Share This Article

शिक्षा, शोध, साहित्य, पत्रकारिता और समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए सांसद धर्मेंद्र यादव ने प्रदान किए पुरस्कार, पूर्वांचल फ्यूचर फोरम ने किया सम्मानित
आजमगढ़। अल्लामा शिब्ली नोमानी की जन्मभूमि आजमगढ़ की चार प्रतिष्ठित हस्तियों को उनकी उपलब्धियों और सामाजिक योगदान के लिए लखनऊ में आयोजित शिब्ली डे 2026 समारोह में सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में विधान परिषद सदस्य शाह आलम गुड्डू जमाली, शिक्षाविद् इंजीनियर शेख अहमद मसूद, उर्दू विद्वान डॉ. मुहम्मद इलियास आज़मी और वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद असलम शामिल हैं। समारोह के मुख्य अतिथि आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव ने सभी को सम्मान प्रदान किया।
पूर्वांचल फ्यूचर फोरम की ओर से बुधवार को ऑल इंडिया कैफ़ी आज़मी एकेडमी, निशातगंज, लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य, शोध, पत्रकारिता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य अल्लामा शिब्ली नोमानी की ज्ञान, शिक्षा और शोध की परंपरा को आगे बढ़ाने वाले लोगों को पहचान दिलाना रहा। मुबारकपुर के पूर्व विधायक एवं विधान परिषद सदस्य शाह आलम गुड्डू जमाली को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पूर्वांचल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वे आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के संस्थापक हैं। जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवास और भोजन की सुविधा के साथ निःशुल्क चिकित्सा प्रवेश परीक्षा की कोचिंग उपलब्ध कराने की उनकी पहल को विशेष रूप से सराहा गया।
फरिहा स्थित शेख मसूद इंटर कॉलेज और शेख मोहम्मद फाउंडेशन के संस्थापक इंजीनियर शेख अहमद मसूद को पूर्वांचल गौरव अवॉर्ड प्रदान किया गया। शिक्षा के प्रसार, छात्रवृत्ति, आर्थिक सहायता और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में उनके योगदान को सम्मान का आधार बनाया गया।
प्रख्यात उर्दू विद्वान, शोधकर्ता और साहित्यिक आलोचक डॉ. मुहम्मद इलियास आज़मी को अल्लामा हमीदुद्दीन फराही अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वे दारुलमुसन्नेफ़ीन शिब्ली एकेडमी की कार्यकारिणी के अध्यक्ष और मानद फेलो हैं। उनकी सौ से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें लगभग चालीस पुस्तकें अल्लामा शिब्ली नोमानी के जीवन, विचारों और साहित्यिक योगदान पर केंद्रित हैं। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद असलम को पत्रकारिता के क्षेत्र में दो दशक से अधिक समय तक किए गए कार्यों के लिए पूर्वांचल मीडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड दिया गया। उन्होंने अपने लेखन के माध्यम से क्षेत्र के जनसरोकारों के साथ शिब्ली नोमानी की विरासत और दारुलमुसन्नेफ़ीन शिब्ली एकेडमी की गतिविधियों को भी प्रमुखता से उठाया है।
पूर्वांचल फ्यूचर फोरम के संयोजक आफ़ाक़ अहमद आज़मी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य पूर्वांचल की प्रतिभाओं और उपलब्धियों को व्यापक पहचान दिलाना है। शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता, उद्योग-व्यापार और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित कर नई पीढ़ी को प्रेरित करना भी संस्था की प्राथमिकता है। समारोह में आजमगढ़ की चारों हस्तियों को मिले सम्मान को जिले की शैक्षिक, साहित्यिक और सामाजिक उपलब्धियों के रूप में देखा जा रहा है।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This