Home » देश » आजमगढ़ : कोई शादी में शामिल होने तो कोई लौट रहा था अपने घर

आजमगढ़ : कोई शादी में शामिल होने तो कोई लौट रहा था अपने घर

Share This Article

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोरा, तीन घंटे तक चला बचाव अभियान
आजमगढ़। गुरुवार की सुबह घने कोहरे के चलते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के पास किलोमीटर संख्या 252 पर सुबह करीब सात बजे एक के बाद एक सात वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। दिल्ली से पटना जा रही स्लीपर बस ट्रेलर में पीछे से इतनी जोरदार टकराई कि उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर यूपीडा, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि जालंधर से मऊ जा रहा आलू लदा ट्रक चालक वाहन किनारे खड़ा कर शौच के लिए चला गया था। इसी दौरान घने कोहरे में पीछे से आ रहा ट्रेलर खड़े ट्रक से टकरा गया। इसके बाद पीछे से आ रहे चार अन्य वाहन भी आपस में भिड़ गए। इसी बीच किलोमीटर 252.2 पर दिल्ली से पटना जा रही स्लीपर बस ट्रेलर के पीछे घुस गई। पीछे से आ रही दूसरी बस भी स्लीपर बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। बस और ट्रेलर आपस में चिपक गए थे। फायर ब्रिगेड की टीम ने कटर से बस का अगला हिस्सा काटकर चालक का शव बाहर निकाला। क्रेन की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। हादसे में जान गंवाने वालों में सत्यवीर राठौर (35) निवासी शालीमार, गाजियाबाद, मोहम्मद फैजल खान उर्फ फैसल (32) निवासी शाहीन बाग, दक्षिण दिल्ली, मूल निवासी दिलदारनगर, गाजीपुर तथा श्याम कुमार (30) निवासी मानिकपुर, इटावा शामिल हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों में आंचल (19), चांदनी (32), आरव (5), आर्यन उर्फ ऋषभ (8), रेखा (30), नंदिनी (27), विकास (35), शिवांश (2), नाविका (1), शैलेंद्र सिंह (39), ऋषि वर्मा (25), गोविंद यादव (28), धीरज यादव (27), अनुराग शाक्य (22), श्याम जीवन यादव (50), शिवम (21), आलोक (37) और संगम लाल तिवारी (70) शामिल हैं। इनमें अधिकांश गाजीपुर के निवासी हैं, जबकि कुछ मैनपुरी, अमेठी और अंबेडकरनगर के रहने वाले हैं। 14 घायलों का मंडलीय जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल संगम लाल तिवारी को बेहतर उपचार के लिए पीजीआई मेडिकल कॉलेज आजमगढ़ रेफर किया गया। हादसे के बाद जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मंडलीय जिला चिकित्सालय पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और अस्पताल के चिकित्सकों को निर्देश दिया कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जिन मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की आवश्यकता है, उनके लिए तत्काल उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक घायल की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें आवश्यक जानकारी और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने को कहा। हादसे में घायल अधिकांश यात्री दिल्ली, लखनऊ और अन्य शहरों से अपने घर लौट रहे थे। कोई शादी में शामिल होने जा रहा था तो कोई रोजी-रोटी कमाकर परिवार के पास पहुंचने वाला था। नंदिनी और विकास अपने दो मासूम बच्चों के साथ गांव लौट रहे थे, जबकि आंचल अपनी मौसी चांदनी के साथ जंगीपुर जा रही थी। संगम लाल तिवारी बेटी के घर शादी में शामिल होने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में कोई मां अपने बच्चे को सीने से लगाए रो रही थी तो कोई पिता डॉक्टरों के सामने हाथ जोड़कर बेटे की सलामती की गुहार लगा रहा था। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार और परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घने कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों से एक्सप्रेसवे पर धीमी गति से वाहन चलाने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
News 9 Bharat
Author: News 9 Bharat

News9Bharat.in एक निष्पक्ष, विश्वसनीय और तेज़ी से समाचार उपलब्ध कराने वाला हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य देश और दुनिया की हर महत्वपूर्ण खबर को सरल, सटीक और तथ्यपरक रूप में पाठकों तक पहुँचाना है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Advertisement

Live Poll

Are You Satisfied News9bharat ?

Also Read This